सीपी जोशी का सीएम पर हमला: मुख्यमंत्रीजी, आप छलिया जादूगर हैं, योजनाएं केंद्र की और शाबाशी ले रहे आप!

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने सीएम अशोक गहलोत को जादूगर तो मान लिया है, लेकिन जादूगर के आगे छलिया लगा दिया है।  जी हां, सीपी जोशी ने सीएम गहलोत को छलिया जादूगर करार दिया है। 

CP Joshi

जयपुर | राजस्थान में विधानसभा चुनाव 2023 से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दोनों हाथों से दिल खोलकर जनता को राहतों की सौगात दे रहे है। 

इसी बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने सीएम अशोक गहलोत को जादूगर तो मान लिया है, लेकिन जादूगर के आगे छलिया लगा दिया है। 

जी हां, सीपी जोशी ने सीएम गहलोत को छलिया जादूगर करार दिया है। 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने सीएम गहलोत द्वारा जोधपुर में दिए गए बयान पर तंज कसते हुए कहा है कि आप केंद्र की योजनाओं में राज्य सरकार का पैसा जोड़कर और नाम बदलकर खुद को शाबाशी देना बंद कर दीजिए।

बता दें कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने जोधपुर दौरे के दौरान रविवार यानि बीते कल कहा था कि मैं जादू दिखाकर पैसे कमा लूंगा।

मुख्यमंत्रीजी, आप छलिया जादूगर हैं

सीपी जोशी ने उन पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया कि- मुख्यमंत्रीजी, आप छलिया जादूगर हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं में कुछ पैसा अपना जोड़ के उनका नाम परिवर्तित करके स्वयं को शाबाशी देना बंद कीजिए। प्रदेश की जनता आपके छल को समझ चुकी है।

केन्द्र सरकार के पैसों से बहा रहे विकास की गंगा

इसी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विकास की गंगा आप केंद्र सरकार के पैसों से बहा रहे हैं। 

आपने प्रदेश को सिर्फ अपराध, भ्रष्टाचार, दलित उत्पीड़न, बेरोजगारी और किसानों के साथ धोखा जैसे दंश दिए हैं।

दरअसल, सीएम गहलोत ने जोधपुर की जनता से ये भी कहा था कि हमने जोधपुर में इतने विकास कार्य कराए हैं और यहां विकास की गंगा बहाई। 

उन्होंने कहा कि मेरे सामने जोधपुर की जो भी मुख्य समस्याएं सामने रखी गई मैंने उन सभी को दूर करने का काम किया है। 

गौरतलब है कि सीएम गहलोत ने इन दिनों जिस भी सभा को संबोधित कर रहे हैं उसमें जनता से कहते दिख रहे हैं कि आप मांगते हुए थक जाओगे, लेकिन मैं देता रहूंगा। 

आपको ये भी बताना चाहेंगे कि बीते दिन रविवार को जयपुर में माली समाज महासंगम में भले ही सीएम गहलोत नहीं पहुंचे हो लेकिन उनके जयकारों की गूंज से पंडाल बार-बार गूंजता रहा।