अपराध का गढ़ बन रहा राजस्थान: दूसरों को नाकारा निकम्मा कहने वाले सीएम गहलोत खुद को क्या कहेंगे

केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने कहा है कि अपराध रोकने में गहलोत की नाकामी पर लिखी जा सकती है पूरी एक किताब। कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री का मुख्यमंत्री पर तीखा प्रहार चर्चा में है।

Gajendra Singh Shekhawat and Ashok Gehlot

जयपुर | राजस्थान की कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा प्रहार किया।

सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि दूसरों को नाकारा, निकम्मा कहने वाले अशोक गहलोत स्वयं प्रदेश के गृहमंत्री होने पर क्या कहेंगे?

अपराध रोकने में उनकी नाकामी पर पूरी एक किताब लिखी जा सकती है।

शेखावत ने कहा कि दूसरे राज्यों में पुलिस को देख अपराधी छिपते हैं, यहां अपराधियों को कहीं रोकती पुलिस नज़र नहीं आती।

कांग्रेस के चार साल में राजस्थान का कोई कोना अपराधियों से नहीं छूटा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी को अपनी जिम्मेदारी पर जनता के लिए विचार करना चाहिए। इनसे संभल नहीं रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान में हर तरह के अपराधी को खुली छूट है और सरकार अपनी जिम्मेवारी संभालने में नाकाम है।

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले राजस्थान विधानसभा में केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत विधानसभा में ही हमलावर हो गए थे।

प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया के आरोपों का जवाब देते हुए अशोक गहलोत ने प्रदेश में सब चंगा है जी जैसा अंदाज दिखाते हुए शेखावत पर निशाना साधा था।

आपको याद होगा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को जोधपुर लोकसभा सीट पर चुनाव के दौरान गजेन्द्रसिंह शेखावत ने बुरी तरह हराया था।

इसके बाद से अशोक गहलोत हमेशा गजेन्द्रसिंह शेखावत को लेकर बयान देते रहते हैं।