Rajasthan: जासूसी मामले में शकूर खान को था राजनीतिक संरक्षण: प्रतापपुरी

प्रतापपुरी ने सवाल उठाया कि क्या ऐसे व्यक्ति की गतिविधियों से मंत्री अनजान रहे होंगे? उन्होंने इसे गंभीर, चिंताजनक और निंदनीय बताया।

जयपुर, 2 जून 2025

पोकरण से भाजपा विधायक महंत प्रतापपुरी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए पाक जासूसी कांड को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के निजी सचिव शकूर खान मंगालिया को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, जिसके चलते वह एक सरकारी कार्मिक होते हुए भी बिना किसी आधिकारिक सूचना के पाकिस्तान यात्रा कर चुका है।

महंत प्रतापपुरी ने स्पष्ट किया कि शकूर खान को संरक्षण देने वाले राजनीतिक व्यक्तियों की भी निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी। उन्होंने आशंका जताई कि शकूर खान लंबे समय तक सालेह मोहम्मद के साथ निजी सचिव के रूप में जुड़े रहे और इस दौरान वह सैन्य कार्यक्रमों में भी सम्मिलित होता रहा। ऐसे में गोपनीय सूचनाएं लीक होने की संभावनाएं नकारी नहीं जा सकतीं।

प्रतापपुरी ने सवाल उठाया कि क्या ऐसे व्यक्ति की गतिविधियों से मंत्री अनजान रहे होंगे? उन्होंने इसे गंभीर, चिंताजनक और निंदनीय बताया।

विधायक ने बताया कि इस पूरे प्रकरण को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से मुलाकात कर निष्पक्ष जांचकी मांग की है और केंद्रीय नेतृत्व को भी पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी इस मामले को लेकर गंभीर हैं।

महंत प्रतापपुरी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ती संदिग्ध गतिविधियों पर चिंता व्यक्त की और कहा कि धर्म और शिक्षा के नाम पर खोले गए कुछ संस्थानों की गतिविधियों पर भी सरकार को नजर रखनी चाहिए।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सालेह मोहम्मद के पिता स्व. गाजी खान की 2013 में हिस्ट्रीशीट खोली गई थी, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते मामले को दबा दिया गया। साथ ही उन्होंने ग्रामदानी योजना में हुए लाभ वितरण और जमीन आवंटन की जांच की भी मांग की।

विधायक ने यह भी कहा कि सालेह मोहम्मद से जुड़ा अश्लील सीडी मामला भी राजनीतिक संरक्षण के चलते दबा दिया गया था।

प्रतापपुरी ने दो टूक कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़े किसी भी मामले में किसी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि शकूर खान की गिरफ्तारी के बाद अब निष्पक्ष जांच होगी और जनता की उम्मीदों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।