जयपुर | लोकतंत्र के महापर्व में अपना योगदान किस प्रकार दिया जाए इसकी मिसाल पेश की है श्रीमती पूरण कंवर ने। 101 वर्षीय श्रीमती पूरण कंवर ने होम वोटिंग सुविधा का लाभ उठाते हुए अपने घर से ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस मौके पर उन्होंने होम वोटिंग की सुविधा मुहैया करवाने के लिए भारतीय निर्वाचन विभाग का आभार भी जताया।
श्रीमती पूर्ण कंवर ने बताया कि हर चुनाव में वे प्राथमिकता से मतदान करती हैं। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि देशभक्ति का इजहार करने के लिए मतदान से बड़ा और कोई अवसर नहीं हो सकता। इसलिए देश के हर नागरिकता का कर्तव्य है कि मतदान दिवस पर अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। वहीं, श्रीमती पूरण कंवर के पौत्र प्रदीप सिंह शेखावत ने बताया कि विगत विधानसभा चुनाव में तो पूरण कंवर ने जज्बा दिखाते हुए मतदान केन्द्र में जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

लोकसभा चुनाव-2024 के तहत होम वोटिंग के चौथे दिन सोमवार को जयपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 95.45 फीसदी एवं जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट में 96.73 फीसदी 85 वर्ष से अधिक आयुवर्ग एवं 40 फीसदी से अधिक दिव्यांग मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।