जयपुर | राजस्थान कांग्रेस में गहलोत और पायलट खेमें के बीच चल रही ताबड़तोड़ बयानबाजी के बीच अब सरकार में मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी एंट्री मारते हुए नेताओं को नसीहत देने का काम किया है।
गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने तो साफ कह दिया है कि व्यक्तिगत फायदे के लिए कोई भी पार्टी को नुकसान पहुंचाने का काम ना करें।
दरअसल, गहलोत सरकार में कैबीनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास का आज जन्मदिन है।
ऐसे में उन्होंने अपने आवास पर एक कार्यक्रम आयोजित किया था जिसमें उन्हें बधाई देने कई लोग पहुंचे थे।
खाचरियावास ने अपने निवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, मैं इस मामले में कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत और भी नेताओं से बात करूंगा।
पार्टी हाईकमान से दखल की मांग की है। खाचरियावास ने कहा कि पार्टी हाईकमान को दखल देकर बयानबाजी पर रोक लगवानी चाहिए।
खाचरियावास ने सभी को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को राहुल गांधी से सीख लेनी चाहिए।
राहुल गांधी के कामों का ही फल है जो कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार आई है।
कांग्रेस के काम को तो लोग देश भर में सम्मान दे रहे हैं। ऐसे में नेताओं की आपसी लड़ाई के चलते पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
अर्रे! भाजपा ने तो राहुल गांधी के संसद सदस्यता तक छीन ली, उनका मकान छीन लिया, लेकिन जनता का विश्वास नहीं छीन सकी।
कर्नाटक में राहुल गांधी के चेहरे पर ही जनता ने प्रचंड बहुमत कांग्रेस को दिया है।
बता दें कि, अपने जन्मदिवस के मौके पर खाचरियावास आज सुबह सबसे पहले प्राचीन बैकुंठनाथ मंदिर पहुंचे थे और वहां गौ माता को हरा चारा खिलाया।
इसके बाद उन्होंने मंदिर में भगवान की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
सर्वप्रथम आज प्राचीन बैकुंठनाथ मंदिर पहुँचकर पूजा-अर्चना के बाद गौसेवा करने का सौभग्य प्राप्त हुआ ………. pic.twitter.com/bRIq5vVHv0
— Pratap Khachariyawas (@PSKhachariyawas) May 16, 2023
गहलोत-पायलट को मिल रहा जनता का समर्थन
इसी के साथ प्रतापसिंह खाचरियावास ने अपने कांग्रेस नेताओं की तारीफ करते हुए ये भी कहा कि कांग्रेस के तमाम नेताओं को जनता का समर्थन मिल रहा है।
सीएम गहलोत हो या सचिन पायलट जहां भी जाते हैं उन्हें जनता का समर्थन मिलता है।
लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस के नेताओं को आपसी मतभेद भुला देने चाहिए और एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करना चाहिए, ताकि कांग्रेस सरकार राजस्थान में फिर से रिपीट हो सके।
आपको बता दें कि प्रताप सिंह खाचरियावास कई बार सीएम गहलोत के अलावा सचिन पायलट की भी तारीफ कर चुके हैं।