जब कांग्रेस आती है तो वो भाजपा वालों को अंदर नहीं डालते, जब भाजपा आती है वो कांग्रेस वालों को अंदर नहीं डालते, क्योंकि, इनकी आपस में सेटिंग है और हमारी आपसे से सेटिंग है।
आम आदमी पार्टी ने आज जयपुर में तिरंगा रैली करके राजस्थान में हाथ से सत्ता छीनने और कमल को मुरझाने के लिए अपनी झाडू फिराई।
इस दौरान सीएम केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि राजस्थान को दोनों दलों ने लोगों को जमकर लूटा है।

अब झाडू करेगी सफाई
पंजाब सीएम भगवंत मान के साथ जयपुर आए दिल्ली सीएम केजरीवाल ने कहा कि 5 साल कांग्रेस और पांच साल भाजपा ने राज किया है लेकिन अब राजस्थान में आप की ’झाडू’ दोनों का सफाया करेगी। उन्होंने कहा कि बारी बारी से दोनों ने जनता को लूटा है। ये चोर-चोर मौसेरे भाई हैं।
आज़ादी के बाद यहां 48 साल कांग्रेस की सरकार और 18 साल भाजपा का राज रहा। लेकिन किसानों का हाल वैसा ही रहा।
किसानों को फसलों के सही दाम नहीं मिल रहे और किसान-मज़दूर आत्महत्या कर रहे हैं। शहीदों की पत्नियां जब अपना हक़ मांगने जाती हैं तो उन्हें बेइज्जत किया जाता है।
आपको बता दें कि, सोमवार को ’आप’ ने जयपुर के सांगानेरी गेट से तिरंगा रैली की शुरूआत की जो बापू बाजार, नेहरू बाजार होते हुए अजमेरी गेट पहुंची। इस दौरान पिंकसिटी पूरी तरह से आप की तिरंगा यात्रा में रंगी नजर आई।

हर घर में हो केजरीवाल और झाडू
आप की तिरंगा यात्रा के दौरान पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि राजस्थान में भी अब हर घर में केजरीवाल और झाड़ू होनी चाहिए। इसके लिए संघर्ष तो आपको ही करना होगा।
अगर अब ऐसा नहीं किया तो ये सब कुछ बेच देंगे। ये तो शहीदों का कफ़न तक बेचकर खा गए।