जयपुर, 21 जून 2024: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के बयान पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि राजस्थान में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 19 पेपर लीक हुए थे। उन्होंने कहा कि तत्कालीन शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में प्रदेश के 70 लाख युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि डोटासरा और गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने पेपरलीक उद्योग चलाया और डोटासरा ने आरएएस भर्ती परीक्षा में अपने रिश्तेदारों को टॉपर से अधिक नंबर दिलाकर लाखों युवाओं के साथ धोखा किया।
भारद्वाज ने आगे कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में युवाओं का भर्ती परीक्षाओं से विश्वास उठ गया था और राजस्थान भ्रष्टाचार के मामले में देश में पहले स्थान पर पहुंच गया था। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पेपरलीक की सीबीआई जांच की मांग पर लाखों युवा सड़कों पर उतर आए थे, जिन पर गहलोत सरकार ने लाठियां चलाई थीं।
कांग्रेस की पिछली सरकार ने लूटा राजस्थानः लक्ष्मीकांत भारद्वाज
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस की पिछली सरकार ने राजस्थान को लूटा और उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर था। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हर पेपर लीक हो रहा था, जबकि भाजपा सरकार ने 100 दिनों के भीतर 11 भर्ती परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन करवाया। भारद्वाज ने कहा कि भाजपा की भजनलाल सरकार ने महज 6 माह के दौरान कई ऐतिहासिक फैसले किए हैं और प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं।