जयपुर | राज्यसभा सांसद एंव भाजपा के वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के राष्ट्र विरोधी बयान और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के खिलाफ दिये गये बयान पर पलटवार किया। घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने वोट बैंक को मजबूत करने के लिए खास रणनीति के तहत मणिशंकर अय्यर और सैम पित्रोदा जैसे लोगों को अपना प्रमुख प्रवक्ता बनाया है।
ये प्रवक्ता भारत को तोड़ने और कमजोर करने वाले बयान देते हैं। वहीं दूसरी और पाकिस्तान को मजबूत राष्ट्र बताकर भारत को ही धमकाने का काम करते हैं। इन प्रवक्ताओं का मकसद विभाजनकारी ताकतों को प्रोत्साहित करके वोट बंटोरना है।
राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस सैम पित्रोदा और मणिशंकर अय्यर जैसे लोगों को अपने विभाजनकारी एजेंडे के लिए काम में लेती है। इन नेताओं की मदद से कांग्रेस पाकिस्तान को मजबूत बताकर देश में अल्पसंख्यक वोट बैंक को मजबूत करती है। ये सब एक दिन में अचानक नहीं होता बल्कि ये एक सोची समझी रणनीति के तहत किया जाता है।
