जयपुर, 19 अप्रैल 2024। लोकतंत्र के महापर्व का प्रथम चरण शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। प्रदेश की 12 लोकसभा सीटों पर हुए मतदान पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने मतदाताओं का आभार जताया।
प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक है और आज मालिक ने सेवक चुनने का अपना निर्णय दे दिया है। राजस्थान तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को चुनने की दिशा में आगे बढ़ा है।
लोकसभा के प्रथम चरण में प्रदेश की जनता ने जिस उत्साह से मतदान किया है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश की सभी 25 सीटों पर कमल खिलेगा। ये प्रदेश की जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास और विकसित भारत के सपने का साकार करने की दिशा में बढ़ाया गया पहला कदम साबित होगा। आज लोकतंत्र के अनुष्ठान में जिस प्रकार आमजन ने आगे आकर बड़ी संख्या में मतदान किया है, उसके लिए प्रदेश की जनता का कोटि—कोटि आभार।
प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने आज लोकतंत्र उत्सव में बढ़—चढ़कर मतदान किया। प्रदेश की जनता का मतदान के प्रति रूझान काबिले तारीफ है। राज्य की जनता ने उत्साह के साथ मतदान किया है। आज राजस्थान में 12 लोकसभा सीटों पर संपन्न हुए इस लोकतंत्र के महायज्ञ में प्रदेश की जनता ने अपने अमूल्य वोट की आहुति प्रदान की। ऐसे में भाजपा प्रदेश के मतदाताओं का अभिनंदन करती है।