जयपुर । बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय जयपुर में प्रेस वार्ता को सम्बोधित किया और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस के नेताओं पर निशाने साधे। सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस नेता के घर तीन सौ करोड़ रुपए मिलने का मामला पहली बार नहीं हुआ है। कांग्रेस के नेताओं ने ही देश को लूटा है। यही नहीं आजादी के बाद कांग्रेस की सभी सरकारों ने भ्रष्टाचार के कई आयाम स्थापित किए हैं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा है कि कांग्रेस ने 5 साल जमकर भ्रष्टाचार किया है। उन्हें सिर्फ पैसे से मोहब्बत है। मोहब्बत की दुकान में पैसे का ढेर लगा है।
सीपी ने झारखंड में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू को लेकर कहा- यह एक व्यक्ति की लूट का सामान सामने आया है। इस बात का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि कांग्रेस के अन्य नेताओं ने किस तरह से देश की जनता को लूटा होगा। यही वजह है कि जब देश की एजेंसी करवाई करती है तो कांग्रेस इसका विरोध क्यों करती है।
अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा का भी जिक्र किया
उन्होंने कहा- यह सांसद हमेशा राहुल गांधी के इर्द गिर्द देखे जाते हैं। यही हालत पिछले 5 सालों में कांग्रेस के नेताओं की राजस्थान में रही है। अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने कहा भी है कि अशोक गहलोत ने अपने कृत्य को आलाकमान से छिपाया है। इनकी हार का बड़ा कारण भी यही है।