जयपुर | उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री श्रीमती दिया कुमारी ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन के विकास के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अलवर के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजना बनाकर इसे धरातल पर क्रियान्वित किया जाएगा।
इस दौरान जब टीकाराम जूली ने वहां गंदगी का मुद्दा उठाया तो उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि पांच साल में बहुत गंदगी हो गई है। उसे साफ किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री ने प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि अलवर जिले में 2 पैनोरमा तत्कालीन सरकार के समय बनाए गए थे लेकिन पूर्ववर्ती सरकार के समय इनके विकास पर ध्यान नहीं दिया गया।
मंत्री ने आश्वस्त किया कि अब राज्य सरकार द्वारा इन पैनोरमा में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।