जयपुर | राजस्थान में 26 सितंबर 2021 को हुए REET पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मुख्य आरोपी प्रदीप पाराशर और रामकृपाल मीणा की कुल 26.59 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति कुर्क की है। इसके साथ ही, आरोपियों के बैंक खातों से करीब 11 लाख रुपए की रकम भी जब्त की गई है।

ईडी ने यह कार्रवाई 28 अगस्त को जारी आदेश के तहत की। जानकारी के अनुसार, पेपर लीक मामले में पाराशर और मीणा के खातों में मिली धनराशि के अलावा, जिन लोगों ने अभ्यर्थियों को पेपर पढ़वाया था, उनके भी खातों से बड़ी रकम जब्त की गई है। रवि कुमार मीणा के खाते से 8.12 लाख, पृथ्वीराज के खाते से 4.10 लाख और रामकृपाल मीणा के खाते से 1.80 लाख रुपए जब्त किए गए हैं।
131 आरोपी अब तक गिरफ्तार
REET पेपर लीक मामले में अब तक 131 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसओजी की ओर से मामले की जांच की जा रही है। एसओजी के एडीजी वीके सिंह ने बताया कि गंगापुर सिटी थाने में दर्ज इस मामले में मुख्य आरोपी रामकृपाल मीणा और प्रदीप पाराशर सहित कई अन्य संगठित गिरोह के लोग शामिल हैं। इन पर लगातार कार्रवाई जारी है।