जयपुर: भजनलाल सरकार (Bhajanlal Sarkar) एकल पट्टा मामले में मुकदमा चलाना चाहती है, जिसकी जानकारी आज हाईकोर्ट (High Court) में दी गई। पिछली गहलोत सरकार (Gehlot Sarkar) का मामला वापस लेने का फैसला सार्वजनिक हित में नहीं था।
राजस्थान में भजनलाल सरकार ने एकल पट्टा मामले में मुकदमा चलाने की अपनी मंशा साफ कर दी है। सरकार की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एस.वी. राजू और एएजी शिव मंगल शर्मा ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा की एकलपीठ में पैरवी करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछली गहलोत सरकार द्वारा इस मामले को वापस लेने का निर्णय सार्वजनिक हित में नहीं था और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चलाना बेहद जरूरी है।
भजनलाल सरकार का रुख: मुकदमा चलाना जरूरी
सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि वे अभियोजन वापसी के 19 जनवरी 2021 के आवेदन को वापस लेना चाहते हैं। इसके लिए जल्द ही ट्रायल कोर्ट में एक आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। इस संबंध में सरकार की ओर से शुक्रवार को हाईकोर्ट में एक कॉपी भी पेश की गई। हाईकोर्ट ने इस पर निर्देश दिए कि आवेदन को रजिस्ट्री में प्रस्तुत किया जाए और उसकी कॉपी सभी आरोपियों को भी दी जाए। इसके साथ ही मामले की अगली सुनवाई जनवरी के दूसरे सप्ताह तक के लिए टाल दी गई है।