जयपुर | राजस्थान विधानसभा चुनावों में बड़ी घोषणाएं होने लगी है। देश के विधि मंत्री और बीकानेर सांसद अर्जुन मेघवाल को प्रदेश संकल्प पत्र समिति का संयोजक बनाया गया है। बीजेपी राजस्थान ने चुनाव प्रबंधन समिति की घोषणा करते हुए राज्यसभा के पूर्व सांसद नारायण पंचारिया को संयोजक बनाया है।
बीजेपी का यह बड़ा कदम माना जा रहा है। फलोदी क्षेत्र के पंचारिया को यह बड़ी जिम्मेदारी देकर बीजेपी ने पश्चिम राजस्थान में एक बड़ी सेंधमारी की कोशिश की है। वहीं मूलत: फलोदी से होने के चलते वैभव गहलोत के लिए तैयार की जा रही गणित में भी कांग्रेस के लिए कैलकुलेशन गड़बड़ाएंगे। नारायण पंचारिया फिलहाल प्रदेश बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।
पंचारिया 2014 में राज्यसभा के लिए चुने गए थे और सचेतक रहे थे। पेशे से अधिवक्ता पंचारिया सीधे—सरल राजनेता माने जाते रहे हैं और मारवाड़ में बीजेपी का खासकर पुष्करणा वोट बैंक में एक बड़ा प्रभाव खड़ा करने में सफल रहे हैं।
चुनाव प्रबंधन समिति में बीजेपी के थिंक टैंक माने जाने वाले पूर्व राज्यसभा सांसद औंकार सिंह लखावत, पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय प्रवक्ता सांसद राज्यवर्धनसिंह राठौड़, प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा, दामोदर अग्रवाल, पूर्व सूचना आयुक्त सीएम मीणा और कन्हैयालाल बैरवाल को सह संयोजक बनाया गया है।