जयपुर, 16 अप्रैल 2024। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की ओर से आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन और होटल क्लार्क में आयोजित व्यवसायिक संवाद को संबोधित करते हुए कहा कि देश 2014 से पहले आर्थिक उन्नती को लेकर आशाहीन था।
पिछले दस सालों में देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ा है, और निराशा दूर हुई है। देश के हर वर्ग में सकारात्मकता का भाव है। अंतिम तिमाही में अर्थव्यवस्था में 8.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो कि अपने आप में रिकॉर्ड है। यह बताता है कि भारत किस गति से ग्रोथ करना चाहता है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जीएसटी आने के बाद हर महीने चार्टर्ड अकाउंटेंट और प्रोफेशनल्स को इंतजार रहता है कि इस महीने जीएसटी का कलेक्शन कितना रहा। उन्होंने कहा कि अभी भाजपा ने जो संकल्प पत्र जारी किया है, उसमें भी हमने रिफॉर्म्स और ट्रांसफॉर्म की बात कही है। आपने देखा होगा वित्त वर्ष 2023-24 की तीनों तिमाही में प्रति तिमाही वृद्धि दर 8 प्रतिशत या उससे ज्यादा रही है।

