जयपुर | अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ सोमवार 15 जनवरी से 31 जनवरी तक चलाये जाने वाले राज्यव्यापी अभियान के लिए खान विभाग द्वारा चैक लिस्ट जारी की गई है। मुख्य सचिव सुधांश पंत ने जिला कलक्टरों, जिला पुलिस अधीक्षकों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किये है।
उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाते हुए खनन माफियाओं के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए अवैध खनन गतिविधियों को समूल नष्ट करने पर जोर दिया है। उल्लेखनीय है कि अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ खान, राजस्व, परिवहन, पुलिस और वन विभाग द्वारा जिला कलक्टर के निर्देशन में संयुक्त अभियान संचालित करने का निर्णय किया गया है।

खान विभाग की शासन सचिव श्रीमती आनन्दी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए विभाग द्वारा जारी चैक लिस्ट के अनुसार खान विभाग के अधिकारियों को 24 घंटें में जिला कलक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर जिला स्तरीय एसआईटी/टास्क फोर्स की प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा गया है।