जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले साल दिसंबर में इन्वेस्टमेंट समिट को सफलतापूर्वक संपन्न किया था जिसमें रिकॉर्ड 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर हस्ताक्षर किए गए। समिट के समापन के बाद सरकार ने सभी हस्ताक्षरित एमओयू को शीघ्रता और सफलता से लागू करने के लिए व्होल ऑफ़ गवर्नमेंट एप्रोच अपनाया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राज्य सरकार ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट— 2024 के दौरान हस्ताक्षरित एमओयू की प्रगति पर नज़र रखने के लिए एक ऑनलाइन इंटर एक्टिव इंटरफ़ेस लॉन्च किया।
यह इंटरफ़ेस उद्योग विभाग की नोडल एजेंसी ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन द्वारा लॉन्च किया गया है। यह निवेशकों को उनके एमओयू की वर्तमान स्थिति जांचने, संबंधित विभाग को क्वेरी भेजने, प्रतिक्रिया या सुझाव देने और विभागीय सचिवों से अपॉइंटमेंट लेने की सुविधा प्रदान करेगा।
निवेशक अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर और एमओयू के यूनिक आईडी नंबर की मदद से पोर्टल में लॉगिन कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पोर्टल पर अपनी पहचान सफलतापूर्वक सत्यापित करने के बाद निवेशक अपने एमओयू से संबंधित सभी विवरण, जैसे कि वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों और अनुमोदनों की वास्तविक स्थिति देख सकेंगे।