जयपुर: राजधानी जयपुर (Jaipur) को एक नई अंतरराष्ट्रीय एयर कनेक्टिविटी (International Air Connectivity) मिली है। भूटान एयरलाइंस (Bhutan Airlines) ने जयपुर से भूटान (Bhutan) के पारो (Paro) तक सीधी उड़ान सेवा शुरू की है, जिससे अब यात्रियों को दिल्ली या कोलकाता से ट्रांजिट लेने की आवश्यकता नहीं होगी।
गुरुवार को भूटान एयरलाइंस ने जयपुर और भूटान के बीच सीधी उड़ान सेवा का शुभारंभ किया, जिससे दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन अब और भी सुगम हो गया है। यह ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि यह पहली बार है जब भूटान से सीधे जयपुर एयरपोर्ट पर कोई फ्लाइट उतरी है। इस नई सेवा से पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
जयपुर-पारो सीधी उड़ान का शुभारंभ
भूटान एयरलाइंस की फ्लाइट B3-722 गुरुवार सुबह 11 बजकर 45 मिनट पर भूटान के पारो से जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इस विशेष अवसर पर भूटान एयरलाइंस के अधिकारियों और जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन की मौजूदगी में एयरक्राफ्ट का पारंपरिक स्वागत किया गया। यह स्वागत समारोह इस नई अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी के महत्व को दर्शाता है।