जालोर: जालोर (Jalore) के जिला शिक्षा अधिकारी प्रांरभिक कार्यालय (District Education Officer Elementary Office) के वरिष्ठ सहायक महेंद्र कुमार (Mahendra Kumar) को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए एसीबी (ACB) ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई स्कूल की मान्यता जारी करने के एवज में की गई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जालोर टीम ने जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक कार्यालय में कार्यरत वरिष्ठ सहायक महेंद्र कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को एक स्कूल की मान्यता और यूडाईस आईडी व पासवर्ड जारी करने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि इस कार्रवाई से सरकारी महकमों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
रिश्वत की मांग और शिकायत का पूरा मामला
एसीबी को एक परिवादी से शिकायत मिली थी। परिवादी ने बताया कि वरिष्ठ सहायक महेंद्र कुमार उसे अपनी स्कूल की मान्यता संबंधी कार्यों और यूडाईस आईडी व पासवर्ड जारी करने के लिए लगातार परेशान कर रहा था। इन महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा करने के एवज में महेंद्र कुमार ने परिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। परिवादी ने इस अनुचित मांग को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से संपर्क किया और पूरी जानकारी दी। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद एक विस्तृत ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।