thinQ360
thinQ360
🏠 टॉप 🔥 राजनीति 🌺 ज़िंदगानी 🏏 खेल 🎬 मनोरंजन 👤 शख्सियत 💻 तकनीक ✍️ Blog ⭐ सफलता की कहानी 🚨 क्राइम 💡 मनचाही ▶️ YouTube
जालोर

एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविर, 96 बेरोजगार लाभांवित

गणपत सिंह मांडोली गणपत सिंह मांडोली 24

युवा खुद पर भरोसा रखें व जीवन में मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त करें - मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग

jalore rojgar shivir by rajasthan government jogeshwar garg speech
Jogeshwar garg

जालोर, 23 मई।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के शिक्षित युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण के बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से कौशल, उद्यमिता एवं रोजगार विभाग, जालोर द्वारा बुधवार को सामतीपुरा रोड स्थित नर्मदा आवासीय कॉलोनी परिसर में एक दिवसीय रोजगार सहायता शिविरका आयोजन किया गया।

शिविर में राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा खुद पर भरोसा रखें तथा लक्ष्यों को निर्धारित कर मेहनत के बल पर सफलता प्राप्त करें। उन्होंने युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने और स्वरुचि के क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। गर्ग ने सरकारी सेवा के साथ-साथ निजी क्षेत्र की असीम संभावनाओं की ओर भी युवाओं को आकर्षित करते हुए स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया।

जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने कहा कि युवा जीवन में निरंतर प्रयास और कठिन परिश्रम के साथ सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित रोजगार सहायता शिविरों के माध्यम से जिले के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु पूर्ण सहयोग प्रदान कर रहा है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के प्रति समर्पण, मोबाइल के सदुपयोग तथा शिविर में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की बात कही।

कार्यक्रम में डॉ. पवन ओझा ने चिकित्सा क्षेत्र में तथा डॉ. मनोहरलाल बिश्नोई ने कृषि क्षेत्र में करियर निर्माण हेतु विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर विस्तृत जानकारी प्रदान की।

दिव्यांग को प्रदान की गई इलेक्ट्रिक व्हील चेयर

इस अवसर पर दिव्यांग बूटाराम को इलेक्ट्रिक व्हील चेयर प्रदान की गई, जिसे पाकर उन्होंने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

96 बेरोजगार आशार्थियों का प्राथमिक चयन कर किया गया लाभांवित

जिला रोजगार अधिकारी राजीव कुमार सुथार ने बताया कि इस शिविर में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा साक्षात्कार आयोजित किए गए, जिनमें:

  • एल एण्ड टी कंस्ट्रक्शन, अहमदाबाद द्वारा – 20 चयन

    कॉसमॉस मैन पावर प्रा. लि., गांधीधाम द्वारा – 16 चयन

    एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, जालोर द्वारा – 4 चयन

एलआईसी, जालोर द्वारा – 14 चयन

श्रीकृष्णा ऑटो सेल्स (नेक्सा), मारुति सुजुकी, जालोर द्वारा – 8 चयन

यश सोल्यूशन, सिरोही द्वारा – 9 चयन

सहित विभिन्न नियोजकों द्वारा साक्षात्कार लेकर कुल 96 बेरोजगार आशार्थियों का प्राथमिक चयन किया गया।

शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा भी बेरोजगार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रशिक्षण से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें लाभांवित किया गया।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक गौतम जैन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक भगवानाराम चौधरी, उत्तम गर्ग, प्रेमाराम देवासी, रोजगार कार्यालय के कार्मिक भजनलाल, किरण सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा उपस्थित रहे।

शेयर करें: