जालोर | राजस्थान में गैर सरकारी विद्यालयों के राज्य स्तरीय संगठन स्कूल शिक्षा परिवार के जालोर जिले के जिलाध्यक्ष विक्रमसिंह राठौड़ धानसा ने राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को पत्र लिखकर "वन स्कूल - वन पोर्टल" की मांग रखी है।
विक्रमसिंह राठौड़ ने पत्र में बताया कि राज्यभर में संचालित गैर सरकारी विद्यालयों के लिए शिक्षा विभाग द्वारा "प्राईवेट स्कूल पोर्टल" बना हुआ है जिस पर विद्यालय तथा विद्यालय के विद्यार्थियों व कर्मचारियों का सम्पूर्ण डाटा अपलोड किया जाता है एवं शिक्षा विभाग से सम्बन्धित सभी गतिविधियाँ नियमित रूप से चलती रहती है।
राज्यभर के समस्त गैर सरकारी विद्यालयों को विद्यालय के इन्फ्रास्ट्रक्चर सहित विद्यालय तथा संस्था से सम्बन्धित सम्पुर्ण जानकारी इस पोर्टल पर अपलोड़ करनी होती है। विद्यालय के विद्यार्थियों के प्रवेश एवं उनकी सम्पूर्ण प्रोफाईल भरने, आधार कार्ड ऑथेण्टिकेशन, जन आधार कार्ड ऑथेण्टिकेशन, परीक्षा परिणाम तथा इसके बाद अगली कक्षा में प्रमोट करने की प्रक्रिया, आरटीई के विद्यार्थियों के प्रवेश से लेकर उनके भौतिक सत्यापन तथा पुनर्भरण राशि के बिल बनवाकर उनके भुगतान की सम्पूर्ण प्रक्रिया, विद्यालय के विद्यार्थियों के स्कूल छोड़ने पर नाम पृथक करने से लेकर स्थानान्तरण प्रमाण पत्र जारी करने की सम्पूर्ण प्रक्रिया इसी प्राईवेट स्कूल पोर्टल के माध्यम से ही सम्पन्न होती है।
इसी प्रकार से केन्द्र सरकार द्वारा "यूडाईस पोर्टल" बना हुआ है जिसका पूरा नाम "यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इन्फॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन" है। इस पोर्टल पर भी राज्यभर के समस्त गैर सरकारी विद्यालयों को विद्यालय के इन्फ्रास्ट्रक्चर सहित विद्यालय तथा संस्था से सम्बन्धित सम्पूर्ण जानकारी इस पोर्टल पर अपलोड़ करनी होती है।