कोटा: कोटा की अरुंधति चौधरी (Arundhati Chaudhary) वर्ल्ड कप फाइनल में। 3 बार की चैंपियन को हराया। 20 नवंबर को उज्बेकिस्तान की अजीजा जोकीरोवा से भिड़ेंगी।
ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रहे बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में कोटा की महिला मुक्केबाज अरुंधति चौधरी ने अपने शानदार प्रदर्शन से फाइनल में जगह बना ली है। अब वह विश्व चैंपियन बनने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। अरुंधति ने अपने अभियान में पूर्व विश्व चैंपियंस को मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया है, जो उनकी असाधारण प्रतिभा और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
कोटा में अरुंधति को प्रशिक्षण देने वाले उनके कोच अशोक गौतम ने बताया कि 70 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में अरुंधति चौधरी ने जर्मनी की तीन बार की विश्व चैंपियन लियोनी आयशा मुलेर के खिलाफ रिंग में अपना दबदबा दिखाया। अरुंधति ने मुलेर को टेक्निकली नॉकआउट करते हुए 3-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। उनके दमदार पंचों के आगे मुलेर टिक नहीं सकीं। इस प्रभावशाली जीत के साथ ही अरुंधति का वर्ल्ड कप में पदक पक्का हो गया है, जिससे देश और उनके गृह नगर कोटा में खुशी की लहर है।