Jaipur | राजस्थान विधानसभा में जनसंख्या वृद्धि के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस विधायकों के विचार सामने आए हैं। सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और बीजेपी विधायक संदीप शर्मा ने समुदाय विशेष की जनसंख्या बढ़ने पर सवाल उठाए, जिस पर कांग्रेस और निर्दलियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
एक दिन पहले विश्व जनसंख्या दिवस पर सीएम भजनलाल शर्मा ने भी समुदाय विशेष पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें सभी का साथ होना चाहिए, लेकिन एक श्रेणी है, उसमें कोई अंतर नहीं आ रहा है। वे विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
जोगेश्वर गर्ग ने विधानसभा में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "मुख्यमंत्री तो केवल भारत की बात कर रहे हैं। मैं तो पूरी दुनिया की बात कर रहा हूं। आपको मेरी बात के समर्थन में हजारों तथ्य मिल जाएंगे। जिस भी देश में अशांति आ रही है, मूल में वही समुदाय है। इसकी जनसंख्या अनलिमिटेड बढ़ रही है। वह उनका एक हथियार है। संख्या बढ़ाओ और फिर राज करो। यह उनका पुराना तरीका है। वह इसका लाभ उठा रहे हैं। इस पर सारी दुनिया को सोचना चाहिए। अन्यथा सारी दुनिया अशांति के गर्त में जाएगी। समस्याएं बढ़ेंगी।"
गर्ग ने कहा कि इस मुद्दे को केवल भारत के संदर्भ में देखने से काम नहीं चलेगा। दुनिया के सभी देशों के बारे में जानकारी प्राप्त करें। अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी जैसे विकसित देशों में जहां-जहां एक समुदाय विशेष की आबादी बढ़ती है, वहां समस्याएं पैदा होती हैं। वहां अलगाववाद और भेदभाव बढ़ता है। इस पर पूरी दुनिया को चिंतन करना चाहिए। सभी देशों को मिलकर इस बारे में सामूहिक रणनीति बनानी चाहिए और इस समस्या का निपटारा करना चाहिए। गर्ग ने दो बच्चों के कानून के सवाल पर कहा कि यह कानून भी जल्द आ जाएगा, चिंता मत कीजिए।