जयपुर | शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को जोधपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विद्यालयों तथा राजकीय संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया और जमीनी हकीकत जानी। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों, पंचायत, आंगनवाड़ी केन्द्र, नंद घर आदि का निरीक्षण किया और इनसे संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार के साथ ही उपयुक्त साफ-सफाई के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने कुड़ी हाउसिंग बोर्ड,सेक्टर -2 के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण करते हुए विद्यालय भवन एवं परिसर का विस्तार से अवलोकन किया। विद्यालय भवन की आंशिक जर्जर स्थिति के चलते कुछ कक्षाओं की व्यवस्था खुले मैदान में किए जाने पर उन्होंने वस्तुस्थिति की जानकारी ली और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. धीरज कुमार सिंह एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती संतोष को निर्देश दिए कि भवन निर्माण कार्य का तकमीना बनवाकर जोधपुर विकास प्राधिकरण के साथ चर्चा कर शीघ्र ही इसका निर्माण कार्य करवाया जाना सुनिश्चित करें।
दिलावर ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं, आंगनबाड़ी केंद्र,नंद घर, शौचालय आदि का निरीक्षण किया तथा विद्यालय की साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए ।
उन्होंने कक्षा तीसरी, ग्यारहवीं, सातवी आदि के विद्यार्थियों से सहज संवाद भी किया, बच्चों से कविताएं, पहाड़े सुने तथा पूरी आत्मीयता के साथ रोचक अंदाज में उनके सामान्य ज्ञान का परीक्षण भी किया।