जयपुर, 26 मई 2025 – राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी अब राष्ट्रभक्ति का ढोंग कर रही है, जबकि असल में उसका रवैया देश को विभाजित करने वाला है। उन्होंने जयपुर में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हाल ही में ‘जय हिंद’ नाम से एक रैली आयोजित की, लेकिन उसकी बातों और बयानों में राष्ट्रविरोधी मानसिकता ही झलकती रही।
राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपनी 100 वर्षों की यात्रा में राष्ट्रसेवा के नए मानदंड स्थापित किए हैं। आज समाज के हर वर्ग द्वारा संघ के विचारों को स्वीकार किया जा रहा है, जबकि कांग्रेस की नकारात्मक, विभाजनकारी और विघटनकारी नीतियों को जनता नकार चुकी है। यही कारण है कि कांग्रेस संघ फोबिया से ग्रसित हो चुकी है और निरंतर भ्रामक बयानबाजी कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "गहलोत कहते हैं कि संघ परिवार का तिरंगे में विश्वास नहीं है और नागपुर मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया गया। यह उनके अल्पज्ञान का प्रतीक है। स्वतंत्रता के बाद वर्षों तक केवल सरकारी भवनों पर ही तिरंगा फहराने की अनुमति थी। सुप्रीम कोर्ट के जिंदल केस के बाद यह अधिकार आम नागरिकों को मिला, जिसके बाद संघ मुख्यालय पर भी नियमित रूप से ध्वजारोहण होता है।"
सीजफायर पर कांग्रेस नेताओं के सवालों को लेकर राठौड़ ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय भारत की शर्तों पर हुआ है। देश के विदेश मंत्री, सेना के अधिकारी और स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पाकिस्तान द्वारा प्रस्तावित सीजफायर को भारत ने अपनी रणनीतिक स्थितियों के अनुसार स्वीकार किया है। उन्होंने कहा, "जब देश संकट में होता है तो हर राष्ट्रभक्त सरकार के साथ खड़ा होता है, लेकिन कांग्रेस सस्ती राजनीति करने से बाज नहीं आ रही।"