जयपुर, 2 जून 2025
पोकरण से भाजपा विधायक महंत प्रतापपुरी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए पाक जासूसी कांड को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद के निजी सचिव शकूर खान मंगालिया को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, जिसके चलते वह एक सरकारी कार्मिक होते हुए भी बिना किसी आधिकारिक सूचना के पाकिस्तान यात्रा कर चुका है।
महंत प्रतापपुरी ने स्पष्ट किया कि शकूर खान को संरक्षण देने वाले राजनीतिक व्यक्तियों की भी निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी। उन्होंने आशंका जताई कि शकूर खान लंबे समय तक सालेह मोहम्मद के साथ निजी सचिव के रूप में जुड़े रहे और इस दौरान वह सैन्य कार्यक्रमों में भी सम्मिलित होता रहा। ऐसे में गोपनीय सूचनाएं लीक होने की संभावनाएं नकारी नहीं जा सकतीं।
प्रतापपुरी ने सवाल उठाया कि क्या ऐसे व्यक्ति की गतिविधियों से मंत्री अनजान रहे होंगे? उन्होंने इसे गंभीर, चिंताजनक और निंदनीय बताया।