सिरोही | राजस्थान के सिरोही जिले के पिण्डवाड़ा तहसील अंतर्गत स्वरूपगंज कस्बे में स्थित मानव सेवा आश्रम आज मानवता और करुणा की एक जीवंत मिसाल के रूप में उभर रहा है। इस आश्रम के माध्यम से समाजसेवी जिगर रावल ने अपना संपूर्ण जीवन निराश्रित, बेसहारा और उपेक्षित प्रभुजियों की सेवा के लिए समर्पित कर दिया है।

ऐसे व्यक्ति जिनका संसार में कोई सहारा नहीं है या जो परिस्थितियोंवश अपने परिजनों से बिछड़कर दर-दर भटकने को विवश हैं, उन्हें जिगर रावल न केवल आश्रय देते हैं, बल्कि उनके रहने, भोजन, चिकित्सा और गरिमापूर्ण जीवन की पूरी जिम्मेदारी भी उठाते हैं। आश्रम में इन प्रभुजियों की सेवा तन, मन और धन के साथ पूरी निष्ठा से की जाती है।
हाल ही में, भीमाना निवासी समाजसेवी एडवोकेट हार्दिक रावल ने आश्रम का दौरा किया। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से प्रभुजियों को भोजन परोसा और एक समय के भोजन का आर्थिक सहयोग प्रदान किया। हार्दिक रावल की इस उपस्थिति और सहयोग ने आश्रम में सेवा और संवेदना के वातावरण को और अधिक मजबूती प्रदान की है।
