जयपुर | शांत प्रदेशों में शुमार राजस्थान अब गैंगस्टरों की शरणगाह बन गया है। पुलिस सुरक्षा में दिन दहाड़े अपराधियों ने एक और बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक गैंगस्टर की हत्या कर दी। \
पांच साल पहले एनकाउंटर के डर से मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने जिस कुलदीपसिंह जघीना का पुलिस के सामने समर्पण करवाया था। उसकी भरतपुर में दिन दहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई है। कुलदीप को भय था कि भरतपुर पुलिस उसकी हत्या कर सकती है।
जाट समाज के लोगों के आह्वान पर डीग-कुम्हेर विधायक विश्वेंद्र सिंह ने उसका थाने बुलाकर आत्मसमर्पण करवाया था। कुलदीप के खिलाफ जयपुर के ज्योति नगर थाना, सेवर व कोतवाली थाने में एक-एक, मथुरा गेट थाने में छह, उद्योगनगर थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं।
आरोपी गैंगस्टर कुलदीप जघीना की बुधवार को राजस्थान के भरतपुर में अपराधियों ने पुलिस हिरासत में गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने पुलिस की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और स्थिति का फायदा उठाते हुए गैंगस्टर को गोली मार दी।