जयपुर । जामडोली स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इन्स्टीट्यूट ऑफ वेटरिनरी एजुकेशन एंड रिसर्च संस्थान में बुधवार को पशुपालन डिप्लोमा कार्यक्रम: सुधार और उपलब्धियां विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में मुख्य अतिथि पशुपालन, डेयरी और गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने राज्य सरकार द्वारा पशुपालन के क्षेत्र में उठाए गए कदमों के बारे में जिक्र करते हुए कहा कि पशुओं को बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना हमारा लक्ष्य है।
किसान और पशुपालक मजबूत होंगे तो राज्य मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने में पशुपालन डिप्लोमा कार्यक्रमों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। राज्य में सरकारी और निजी संस्थानों के माध्यम से पशुपालन डिप्लोमा कोर्स संचालित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सा शिक्षा से जुड़े संस्थान निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर कुशल एवं सक्षम मानव संसाधन उपलब्ध कराएं।