माउण्ट आबू। राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थल माउण्ट आबू में गुजरात से आए पर्यटकों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वडनगर के मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्रों ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि माउण्ट आबू पुलिस ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जबरन चालान काटा और भारी भरकम रकम वसूली।
छात्रों द्वारा जारी यह वीडियो सिरोही के पूर्व विधायक संयम लोढा ने अपनी एक्स (पूर्व ट्विटर) वॉल पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री और डीजीपी राजीव कुमार को टैग किया है।
क्या है मामला
छात्रों ने बताया कि वे पांच लोग शनिवार को माउण्ट आबू घूमने आए थे। इस दौरान तीन छात्र झरने के पास फोटो खींचने के लिए सड़क किनारे नीचे उतर गए। तभी मौके पर मौजूद पुलिस ने सीटी बजाई और उन्हें पकड़कर थाने ले गई। आरोप है कि पुलिस ने उन्हें गीले कपड़ों में ही हवालात में डाल दिया और बाकी साथियों की बार-बार मिन्नतों के बावजूद कपड़े बदलने की अनुमति नहीं दी।