जयपुर | छत्तीसगढ़ में बीजेपी के प्रभारी ओमप्रकाश माथुर ने कहा है कि मैं जहां खूंटा गाड़ दूंगा वहां मोदी भी कुछ नहीं हिला सकते। माथुर का बयान राजनीतिक हलकों में चिन्तन और चिंता का विषय है।
इन्हीं ओम माथुर के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए बीजेपी फीलगुड में होने के बावजूद बुरी तरह चुनाव हार गई थी। माथुर के चहेते प्रत्याशी अधिकांश जगह चुनाव हारे थे।
अब माथुर राजनीतिक रूप से कितने सक्रिय हो पाएंगे, जबकि उनका खुद का कोई जातिगत वोटबैंक राजस्थान में है नहीं। हालांकि बीजेपी में यह पहले नेता है, जिन्होंने दावा किया है कि उनका गाड़ा हुआ खूंटा मोदी भी नहीं उखाड़ सकते। मतलब बीजेपी अभी भी मोदीमय नहीं हुई है।
राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी खींचतान का दौर शुरू हो गया है। ओम माथुर ने नागौर के परबतसर में कहा है कि अब मैं केंद्रीय चुनाव समिति में हूं। कोई गलतफहमी मत पाल लेना। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अब किसी से डरने की जरूरत नहीं है। मैं जहां खूंटा गाड़ दूंगा, वहां मोदी भी कुछ नहीं हिला सकते। मोदी को लेकर प्रदेश में किसी नेता द्वारा सीधा आक्रमण पहली बार हुआ है। इससे अर्थ निकलता है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका को लेकर कुछ पक रहा है।