रिपोर्ट में पीड़िता ने आरोप लगाया कि 3 जुलाई 2025 को वह फ्लैट पर अकेली थी और अपनी मां को याद करके रो रही थी। इसी समय विजय जोशी वहां आया और उसे सांत्वना दी। वह बाजार से कोल्ड ड्रिंक और स्नैक्स लेकर आया।
पीड़िता का कहना है कि कोल्ड ड्रिंक पीते ही वह बेहोश हो गई। इसी का फायदा उठाकर विजय जोशी ने उसके साथ रेप किया। इतना ही नहीं, उसने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। विजय ने पीड़िता को जल्द ही शादी करने का आश्वासन दिया।
पारिवारिक सदस्य जैसा व्यवहार और विश्वास
पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि विजय ने उसे अपनी मां और भाई से भी मिलवाया था। परिवार के सभी सदस्य उसके साथ पारिवारिक सदस्य जैसा व्यवहार करने लगे थे। इसी विश्वास के कारण उसने अपने साथ हुई रेप की घटना की रिपोर्ट तुरंत दर्ज नहीं करवाई।
विश्वास बढ़ने के बाद पीड़िता विजय पर पूरा भरोसा करने लगी। वह उसके साथ कई शहरों में घूमने भी गई थी। इस बात की जानकारी विजय के परिवार के सदस्यों को भी थी। इस दौरान दोनों के बीच कई बार आपसी सहमति से भी संबंध बने, क्योंकि पीड़िता को विजय के शादी के वादे पर पूरा भरोसा था।
30 लाख रुपए हड़पने का आरोप
पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसने बताया कि उसने अपना एक प्लॉट 14 लाख रुपए में बेचा था। यह राशि उसके पास पड़ी थी, जिसकी जानकारी विजय जोशी को थी। विश्वास में लेकर विजय ने उससे यह 14 लाख रुपए भी ले लिए।
इसके अलावा, जब पीड़िता को रुपयों की आवश्यकता हुई, तो उसने लोन लेकर विजय को और पैसे दिए। कुल मिलाकर, विजय ने शादी का झांसा देकर पीड़िता से लगभग 30 लाख रुपए हड़प लिए थे। फरवरी 2025 में, विजय ने घर में सामाजिक कार्यक्रम होने का बहाना बनाकर पीड़िता से फ्लैट भी खाली करवा लिया।
दूसरी लड़की के साथ देखने पर हुआ विवाद
पीड़िता एक सरकारी कर्मचारी है और विजय उसे बार-बार शादी करने का आश्वासन दे रहा था, लेकिन शादी नहीं कर रहा था। एक दिन पीड़िता ने विजय को किसी दूसरी लड़की के साथ देख लिया। इस बात पर दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ।
झगड़े के दौरान विजय ने पीड़िता से कहा कि उसे जो करना है, वह कर ले। उसने साफ इनकार कर दिया कि अब वह न तो उससे शादी करेगा और न ही 30 लाख रुपए वापस देगा। इस घटना के बाद पीड़िता गहरे डिप्रेशन में चली गई और काफी परेशान रहने लगी। आखिरकार, उसने हिम्मत जुटाकर औद्योगिक नगर थाने में मामला दर्ज करवाया।
विजय जोशी का आरोपों पर खंडन
इस मामले में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष विजय जोशी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों का खंडन किया है। जोशी ने कहा कि वह एक ठेकेदार है और महिला उससे पार्किंग के ठेके को लेकर कमीशन की मांग कर रही थी।
विजय जोशी का दावा है कि जब उसने महिला को कमीशन नहीं दिया, तो उसने उस पर यह झूठा केस दर्ज करवा दिया। जोशी ने आगे कहा कि उसे न्यायालय पर पूरा विश्वास है और जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सच्चाई सामने आने का इंतजार है।