कांग्रेस का डिब्बा गोल करेगी लाल डायरी
इसी के साथ पीएम मोदी ने ये भी कहा कि लाल डायरी में कांग्रेस सरकार के काले कारनामे दर्ज हैं। लोग कह रहे हैं कि लाल डायरी के पन्ने खुले तो अच्छे-अच्छे निपट जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कितनी भी ताकत लगा ले, लेकिन लाल डायरी इस चुनाव में पूरी कांग्रेस का डिब्बा गोल करने जा रही है।
पीएम ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से राजस्थान के विकास का सिलसिला लगातार चल रहा है, लेकिन जब से यहां कांग्रेस की सरकार बनी, तब से विकास के काम में रोड़े अटकाने का ही काम किया जा रहा है।
लोकतंत्र में सरकार को अपने काम का हिसाब देना पड़ता है, लेकिन जो चार साल सिर्फ सोएगा, वो काम का हिसाब कहां से देगा?
इन लोगों ने सरकार का हर दिन आपसी खींचतान, वर्चस्व की लड़ाई में बर्बाद किया है।
राजस्थान में चल रहा पेपर लीक उद्योग
पेपर लीक को लेकर पूरे देश में चर्चा बन चुके राजस्थान के लिए मोदी ने कहा कि सीकर शिक्षा नगरी के रूप में जाना जाता है, लेकिन यहां सत्ताधारी दल के लोग ही पेपर लीक का उद्योग चला रहे हैं।
युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया है, इसलिए कांग्रेस को हटाना पड़ेगा। राजस्थान में पेपर लीक का उद्योग चल रहा है।