जयपुर, 24 सितंबर – जयपुर में प्रजना फाउंडेशन के ‘प्रोजेक्ट किशोरी’ ने किशोरियों के बीच स्वच्छता और मासिक धर्म से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का एक मजबूत अभियान शुरू किया है। ब्रह्मोस एयरोस्पेस के सहयोग से संचालित इस परियोजना का उद्देश्य है कि किशोरियों में मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के महत्व को समझाया जाए, साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया जाए। 17 अगस्त को उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी द्वारा इस अभियान की शुरुआत की गई थी, और अब तक यह पहल जयपुर के कई स्कूलों में सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी है।
विद्यालयों में किशोरी किट का वितरण और क्लबों का गठन
इस अभियान के तहत 25 सितंबर को जयपुर के विभिन्न विद्यालयों में किशोरी क्लबों का गठन किया गया और छात्राओं के बीच स्वच्छता किट का वितरण किया गया।
गणगौरी बाजार स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 55 छात्राओं को किशोरी किट प्रदान की गई। इस दौरान प्रधानाचार्या डॉ. जयश्री भार्गव, अध्यापिका चन्द्रकान्ता पारीक और पूनम जोशी ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व पर जागरूक किया।
