सोमवार सुबह अलवर शहर के 200 फीट रोड बाइपास के आसपास के खेतों में सरसों की फसल के पत्तों पर ओस जमी हुई देखी गई। यह दर्शाता है कि रात में अभी भी हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन दिन में मौसम सुहावना हो रहा है।
पिछले 24 घंटे का तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान, रविवार को फतेहपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, लूणकरणसर और माउंट आबू (सिरोही) में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा। सीकर में 6.8, चूरू में 6.3, करौली में 6.4, दौसा में 6, सिरोही में 7.3, झुंझुनूं में 7.2, वनस्थली (टोंक) में 6.4, चित्तौड़गढ़ में 8.3, उदयपुर में 8.6, श्रीगंगानगर में 8.5, बारां में 8.9, जालोर और अजमेर में 8.8, भीलवाड़ा में 8.6, पिलानी में 7.6, जयपुर में 10.6 और कोटा में 9.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
पश्चिमी जिलों में बादलों का प्रभाव
रविवार को जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, गंगानगर और बाड़मेर के कुछ पश्चिमी हिस्सों में हल्के बादल छाए रहे। ऊंचाई वाले इन बादलों के कारण इन क्षेत्रों में दिन के समय धूप थोड़ी कमजोर रही। इस दौरान जोधपुर में अधिकतम तापमान 32.3, बाड़मेर में 32, चित्तौड़गढ़ में 30.4, जालोर में 30.9, जैसलमेर में 29.6, अजमेर में 28.8, जयपुर में 28.2, कोटा में 27.2, उदयपुर में 27.9, बीकानेर में 28.4 और फलोदी में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम केन्द्र जयपुर के मुताबिक, राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव आज भी पश्चिमी जिलों में बना रहने की संभावना है। इस दौरान इन क्षेत्रों में आसमान में ऊंचाई पर हल्के बादल छाए रह सकते हैं। जबकि राज्य के शेष हिस्सों में मौसम बिल्कुल शुष्क रहेगा।
शेखावाटी समेत पूर्वी राजस्थान के जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज होने की संभावना है। हालांकि, इस अवधि में शेखावाटी के क्षेत्रों में कोल्ड-वेव से राहत मिलने की उम्मीद है, जिससे दिन और रात दोनों समय मौसम आरामदायक बना रहेगा।