जयपुर, 5 अक्टूबर। राजस्थान सरकार द्वारा 2 से 15 अक्टूबर तक चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी 'सहकार सदस्यता अभियान' ने प्रदेशभर में गति पकड़ ली है। अभियान के तीसरे दिन शनिवार को राज्य के 641 पैक्स (प्रारम्भिक कृषि ऋणदात्री सहकारी समितियां) स्तर पर विशाल शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में आमजन और सहकारबंधुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिल रही है, जिससे सहकारिता विभाग से संबंधित विभिन्न कार्य तीव्र गति से संपन्न हो रहे हैं। यह अभियान राज्य में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
तीन दिनों में 1,682 पैक्स में शिविरों का आयोजन
अभियान के अंतर्गत शुरुआती तीन दिनों में ही प्रदेश के कुल 1,682 पैक्स में सफलतापूर्वक शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, जिन ग्राम पंचायतों में अभी तक पैक्स का गठन नहीं हुआ है, वहां 'ग्रामीण सेवा शिविरों' के माध्यम से अभियान से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सहकारिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को इसके लाभों से अवगत कराना है।

