जोधपुर । जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में हो रहे चुनावों में कांग्रेस और उसके गठबंधन को भारी बहुमत मिलने वाला है। उन्होंने हरियाणा में 10 साल से भाजपा सरकार के कार्यकाल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि चुनाव के ऐन मौके पर मुख्यमंत्री बदलने का निर्णय भाजपा की हार को स्वीकारने जैसा है। पायलट ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस को ऐतिहासिक बहुमत मिलेगा और वहां एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।
जम्मू-कश्मीर के संदर्भ में, पायलट ने कहा कि वहां के राजनीतिक षड्यंत्रों के बावजूद कांग्रेस गठबंधन मजबूती से आगे बढ़ रहा है। तीन चरणों के चुनावों के बाद मतगणना में कांग्रेस और उसके गठबंधन की जीत तय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सभी को साथ लेकर चलती है और इसका उदाहरण हरियाणा में कम्युनिस्ट पार्टी को एक सीट देकर दिखाया गया है। उन्होंने आगे कहा कि झारखंड और महाराष्ट्र में भी जल्द ही चुनाव होने वाले हैं, और जो सरकारें "एक राष्ट्र, एक चुनाव" की बात करती थीं, वे इसे लागू करने में विफल रही हैं।
राहुल गांधी के नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद, पायलट ने कहा कि विपक्ष का एजेंडा तय हो रहा है और भाजपा सरकार को कई मुद्दों पर बैकफुट पर आना पड़ा है।