जयपुर | गौरक्षा कानून के लिए संतों ने हुंकार भरी है। जगतगुरु शंकराचार्य ब्रह्मलीन स्वरूपानंद सरस्वती के शिष्य तीर्थानंद ब्रह्मचारी महाराज समेत साधुओं ने जयपुर में एक प्रेस वार्ता करके कहा है कि शीघ्र ही यदि गौरक्षा के लिए कानून नहीं बनाया गया। भारत में गौ हत्या बंद नहीं हुई तो संत सड़कों पर उतरेंगे।
छह जनवरी को मथुरा में कार्यक्रम और दिल्ली में गौ संसद आयोजित की जाएगी। यदि सरकार समय रहते नहीं जागी तो देशभर की 543 लोकसभा सीटों पर गौ दूतों को संत चुनाव लड़वाएंगे।
जयपुर में नारायणसिंह सर्कल के समीप स्थित दिगम्बर जैन स्थानक में आयोजित प्रेस वार्ता में संत तीर्थानंद ब्रह्मचारी खाण्डादेवल भीनमाल मठाधीश ने कहा कि चारों शंकराचार्यों की अनुमति से इस आंदोलन को खड़ा किया जा रहा है।
जब भगवान राम का जन्म गाय, साधु, देवताओं के कल्याण के लिए हुआ है तो फिर रामलला की प्रतिष्ठा से पहले गोहत्या बंद का कानून क्यों नहीं लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मथुरा में एक कार्यक्रम करने के बाद इस आयोजन को अंतिम रूप दिया जाएगा।