जयपुर, 24 जनवरी। राजस्व मंत्री हेमन्त मीणा ने कहा कि बारां जिले की शाहबाद एवं किशनगंज तहसील के शेष राजस्व ग्रामों की जमाबंदियों को ऑनलाइन अधिसूचित किए जाने का कार्य आगामी 6 माह में पूर्ण कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सहरिया जनजाति बाहुल्य क्षेत्र शाहबाद तहसील में भू-बंदोबस्त का कार्य 58 वर्ष पहले हुआ था तथा इस क्षेत्र में अत्यधिक आवंटन, डिक्री, बंटवारे, इजराय एवं राज्य व राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्य हुए हैं। जिससे क्षेत्र में राजस्व गांवों के मौके एवं रिकॉर्ड का मिलान नहीं होने से राजस्व रिकॉर्ड को फिलहाल ऑनलाइन अधिसूचित नहीं किया जा सका है।
राजस्व मंत्री बुधवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि शाहबाद तहसील के कुल 236 राजस्व ग्रामों में से 48 राजस्व ग्रामों में लम्बित तरमीमों, नक्शों के नष्ट या जीर्ण-शीर्ण होने सहित आदि कारणों के निस्तारण के लिए अक्टूबर 2021 में सर्वे की अधिसूचना जारी की गई है।