जयपुर/सिरोही, 31 जुलाई 2025
भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सिरोही जिले में नगर पालिका शिवगंज के वरिष्ठ सहायक एवं सफाई निरीक्षक अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे नरेश कुमार को ₹15,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुख्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर सिरोही इकाई द्वारा की गई। नरेश कुमार पर आरोप है कि उन्होंने एक ठेकेदार से उसके सामग्री आपूर्ति संबंधी बिलों को पारित करने के एवज में 15% कमीशन की मांग की थी। जब ठेकेदार ने ₹15,000 की रिश्वत की मांग की सूचना ACB को दी, तब योजना बनाकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया।
शिकायत का विवरण:
ACB की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी द्वारा नगर पालिका शिवगंज में प्लास्टिक डस्टबिन, लोहे के स्टैंड और अन्य सामग्री की आपूर्ति की गई थी। आपूर्ति के बाद संबंधित बिलों का भुगतान लंबित था। जब एक बिल की नोटशीट तैयार की गई और उसे पारित करने की प्रक्रिया शुरू हुई, तो नरेश कुमार ने उस पर कार्रवाई करने के बदले ₹15,000 की रिश्वत की मांग की।
