सिरोही | शिवगंज तहसील के अंतर्गत आने वाले मोरली बारेवडा क्षेत्र के किसानों ने बिजली आपूर्ति की बदतर स्थिति को लेकर प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। किसान संघर्ष समिति के बैनर तले एकजुट हुए ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर अतिरिक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और अपनी पीड़ा व्यक्त की। किसानों का कहना है कि वे लंबे समय से बिजली की अनियमितता और कटौती का सामना कर रहे हैं जिसके कारण उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है और विभाग उनकी सुनने को तैयार नहीं है।
सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह हुई ठप
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले लगभग एक साल से बिजली आपूर्ति में गंभीर तकनीकी समस्याएं बनी हुई हैं। थ्री फेज बिजली की आपूर्ति के दौरान एक घंटे में कई बार ट्रिपिंग होती है जिससे खेतों में पानी देने वाली मोटरें बार-बार जल रही हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान तो हो ही रहा है साथ ही फसलों की सिंचाई भी समय पर नहीं हो पा रही है। राज्य सरकार द्वारा निर्धारित छह घंटे की बिजली आपूर्ति के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। किसानों को दिन के समय बिजली देने के बजाय रात में सप्लाई दी जा रही है जिससे कड़ाके की ठंड और जंगली जानवरों के खतरे के बीच उन्हें खेतों में काम करना पड़ता है।