सिरोही : सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार एक दीमक की तरह व्यवस्था को खोखला कर रहा है। सिरोही जिले के वन विभाग में हाल ही में हुए एक मामले ने विभागीय ईमानदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेंजर स्तर के अधिकारियों पर रिश्वतखोरी और ट्रक जब्ती जैसे गंभीर आरोप लगे हैं, जो भ्रष्टाचार की गहराई को दर्शाते हैं।
वन विभाग के रेंजर पर रिश्वत का आरोप
जोधपुर जिले के करवड गांव निवासी छैलूसिंह ने पिंडवाड़ा के रेंजर पर अवैध जब्ती और रिश्वत मांगने के आरोप लगाए हैं। छैलूसिंह ने मुख्य वन संरक्षक जोधपुर को लिखित शिकायत में बताया कि उनकी ट्रक (RJ-19-GJ-1550), जिसमें देशी और विलायती बबूल की लकड़ियां थीं, को बिना किसी वैध कारण के धनारी नर्सरी में जब्त करवा दिया गया। ट्रक चालक से पांच हजार रुपये लिए गए और बीस हजार रुपये की मांग की गई।
शिकायत में कहा गया कि यह कार्रवाई राजस्थान वन अधिनियम 1953 और भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम 1988 का उल्लंघन है।
शिकायत के बाद ट्रक छोड़ने में आई जल्दबाजी
22 जनवरी को ट्रक को सुबह से शाम तक नर्सरी में खड़ा रखा गया। शिकायतकर्ता छैलूसिंह द्वारा मुख्य वन संरक्षक को शिकायत दिए जाने के बाद रेंजर ने आनन-फानन में ट्रक छोड़ने का आदेश दिया। ट्रक चालक को ट्रक जल्दी से रवाना करने और किसी होटल पर न रुकने की चेतावनी दी गई।
