जयपुर | राजस्थान विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे करीब आ रहा है वैसे-वैसे राजनीतिक गलियारों का माहौल प्रदेश में बढ़ते तापमान की तरह से गरमाता जा रहा है।
पिछले साढ़े चार साल से कांग्रेस के खेमे में चली आ रही वर्चस्व की जंग अब पूरी तरह से बाहर निकल आई है। ऐसे में गहलोत और पायलट गुट अब जमकर एक दूसरे पर प्रहार करने में लगे हैं।
जहां एक और पिछले कई सालों से सचिन पायलट को सीएम बनाने के लिए संर्घष कर रहे उनके समर्थक और नेता अबकी बार कोई भी मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं, वहीं गहलोत गुट के समर्थक अगली बार भी मुख्यमंत्री के रूप में अशोक गहलोत को ही देखने के पक्ष में हैं। जिसके चलते पार्टी में तनाव बढ़ता जा रहा है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के समर्थक उनके चौथे कार्यकाल के लिए दबाव बना रहे हैं। खबरों के मुताबिक, गहलोत समर्थक गुट के कई विधायकों ने पार्टी के भीतर चल रहे प्रतिद्वंद्वी नेताओं के विरोध के बावजूद राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में गहलोत की फिर से नियुक्ति की खुले तौर पर वकालत की है।