उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर में थाईलैंड की महिला को गोली मारे जाने के मामले में एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। पुलिस को एक निजी अस्पताल के बाहर का सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें संदिग्ध बदमाशों की हरकतें कैद हो गई हैं। यह घटना शनिवार सुबह करीब 4 बजकर 15 मिनट की है। फुटेज में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक कार से घायल महिला को अस्पताल के बाहर लाते हैं, उसे स्ट्रेचर पर लिटाकर अस्पताल के कर्मचारियों के हवाले करते हैं और फिर वहां से फरार हो जाते हैं।
सीसीटीवी में कैद बदमाशों के चेहरे
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कार के पीछे वाली सीट पर बैठा एक युवक महिला को बाहर निकालकर स्ट्रेचर पर लिटाता है, जबकि दूसरा व्यक्ति कार की अगली सीट के पास खड़ा रहता है। इस दौरान कार चालक, जो वाहन के अंदर ही बैठा रहता है, दोनों युवकों का इंतजार करता दिखाई देता है। महिला को अस्पताल में छोड़ते ही ये युवक तेजी से कार में बैठते हैं और वहां से भाग जाते हैं।
पुलिस ने तेज की जांच
फुटेज के आधार पर पुलिस अब कार की पहचान करने और बदमाशों को पकड़ने के लिए काम कर रही है। कार के नंबर और फुटेज में दिखने वाले संदिग्धों के चेहरों की मदद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। इसके अलावा, घटना से पहले का एक अन्य सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें महिला होटल के अंदर घूमती हुई नजर आ रही है।
संदिग्धों की तलाश में पुलिस
पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि महिला के साथ क्या घटनाक्रम हुआ और उसे किसने गोली मारी। होटल में ठहरे लोगों और महिला के संपर्क में आए व्यक्तियों से पूछताछ भी जारी है।