पटना | एनटीए की ओर से बीते दिन यानी कि रविवार को देश भर के 557 और 14 विदेशी शहरों में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट आयोजित की गई। देश की सबसे बड़ी परीक्षाओं में से एक नीट यूजी (NEET UG) के आयोजन में देश भर से बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की शिकायतें आ रही हैं। वहीं बिहार की राजधानी पटना में नीट पेपर लीक (NEET Paper Leak) होने की सूचना मिलने के बाद देर शाम रविवार से पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
साथ ही राजस्थान के भरतपुर में एक डमी कैंडिडेट को परीक्षा देते पकड़ा गया है. वहीं राजस्थान के ही सवाई माधोपुर में हिंदी मीडियम के परीक्षार्थियों को अंग्रेजी मीडियम का पेपर बांटने का मामला सामने आया है. जिसके बाद परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने जमकर हंगामा मचाया. इतना ही नहीं, राजस्थान के सीकर में एक परीक्षार्थी ने दूसरे परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के बाहर ही चाकू मार दिया. इसके बाद वह जाकर आराम से परीक्षा देता रहा और पुलिस बाहर उसका इंतजार करती रही.
क्या है NTA का कहना
इधर, एनटीए नीट यूजी (NEET UG) पेपर लीक का खंडन किया है। एनटीए (NTA) ने कहा कि पेपर लीक की खबरें पूरी तरह से झूठी और निराधार है। यह सिर्फ सनसनी फैलाने के लिए किया गया है। एनटीए ने जानकारी देते हुए कहा, “ नीट यूजी (NEET UG) परीक्षा में प्रश्न पत्र लेकर बाहर जाने की अनुमति नहीं है। लेकिन कुछ छात्र पेपर लेकर जबरदस्ती परीक्षा हॉल से बाहर निकल गए और इस तरह शाम 4 बजे पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लेकिन तब तक देश भर के अन्य परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शुरू हो चुकी थी। ऐसे में नीट का कोई पेपर लीक नहीं हुआ है।