जयपुर। ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम (GSTF) के दसवें संस्करण का आयोजन गुरूवार को किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन के सभागार में हुआ। इस कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद, राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक, किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधीर जैन, जीएसटीएफ संयोजक नटवरलाल अजमेरा और सीडोज के वाइस चेयरमैन राकेश गुप्ता एवं सीईओ मुकुल रस्तोगी द्वारा दीप प्रज्वलन करके किया गया। इसके उपरांत अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, पौधा, शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने घोषणा की राजस्थान में औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन की नीलामी प्रक्रिया समाप्त कर दी जाएगी। अब उद्यमियों को व्यापार के लिए जमीन रीको द्वारा सीधे आवंटित की जाएगी। उन्होंने निवेश प्रोत्साहन नीति 2024 का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य राजस्थान की अर्थव्यवस्था को 15 लाख करोड़ से 30 लाख करोड़ तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, रिसर्च एंड डेवलपमेंट और वेस्ट से वेल्थ क्रिएट करने की दिशा में उद्योगों को आगे बढ़ना चाहिए।
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) के माध्यम से किशनगढ़ और राजस्थान के अन्य क्षेत्रों में पानी लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने किशनगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर जोर देते हुए कहा कि यह क्षेत्र पत्थरों की मिनिएचर पेंटिंग्स और शिल्पकला के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।
रीको के प्रबंध निदेशक इंद्रजीत सिंह ने कहा कि रीको उद्योगों के साथ खड़ा है और सरकार सभी एमओयू को धरातल पर लागू करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।