सिरोही, 30 मार्च | “कांग्रेस आमजन की पार्टी है और लोकतंत्र व्यवस्था को बनाए रखने में विश्वास रखती है। कांग्रेस सरकार ने जनता के हित में बहुत सारे काम कराए और योजनाएं चलाईं। भाजपा झूठ के पुलिंदे बनाने में विश्वास करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने जो वादा किया था, उसके अनुसार आज न तो किसी के व्यक्ति के खाते में कालेधन के 15 लाख रुपये आए हैं और न किसी दो करोड़ लोगों को नौकरियां मिली हैं।

विधानसभा चुनाव में तो जनता भाजपा के झांसे में आ गई, लेकिन अब वह अच्छे से गोल-मोल बातों को समझ चुकी है। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिल रहे जनसमर्थन से भाजपा परेशानी है और इसीलिए ईडी, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को हथियार बना रही है। कांग्रेस चुनाव जीत नहीं सके, इसलिए हमारे बैंक खाते भी फ्रीज किए गए हैं। लोकसभा चुनावों में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी और कांग्रेस को जिताएगी।”
यह कहना था, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का। वे सिरोही जिले के स्वरूपगंज में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन पिण्डवाड़ा-आबू विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित किया गया था। वैभव के समर्थन में अगला कार्यकर्ता सम्मेलन रविवार 31 मार्च को रेवदर में आयोजित किया जाएगा।

