Jaipur | यह महज एक फोटो भर नहीं है। राजस्थान की राजनीति का एक बड़ा घटनाक्रम इससे प्रभावित होता है। फोटो में तीन चेहरे हैं। बीच में हैं केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी। उनके दायीं ओर हैं झालावाड़ बारां के सांसद दुष्यंत सिंह और बायीं तरफ हैं लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय महामंत्री प्रकाश चन्द्र गुप्ता।
यह तस्वीर कइयों को विचलित कर रही है। मुद्दा राजस्थान में 2023 के अंत में विधानसभा के चुनाव हैं। इस तस्वीर के माध्यम से झालावाड़ बारां के सांसद दुष्यंत सिंह जो वसुन्धरा राजे पूर्व मुख्यमंत्री राजस्थान के पुत्र हैं ने दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस-वे से अपने लोकसभा क्षेत्र को भवानीमंडी के रास्ते जोड़ने की मांग रखी है।
परन्तु इस मांग के पीछे के राजनीतिक रास्ते कहीं और की बात कर रहे हैं। दरअसल राजस्थान में बीजेपी से जुड़े सूत्र इसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम मान रहे हैं। प्रदेश में संगठन महामंत्री रहते हुए प्रकाश चन्द्र गुप्ता और तत्कालीन सीएम श्रीमती वसुंधरा राजे के बीच पनपी असहमतियों के कारण ही संघ और श्रीमती सिंधिया के बीच दूरियां बढ़ती चली गयी थी।