बॉलीवुड | अक्षय कुमार का नाम जब भी आता है, उनके साथ 'खिलाड़ी' का खिताब स्वत जुड़ जाता है। यह खिताब यूं ही नहीं मिला, बल्कि इसके पीछे कई किस्से और अनगिनत साहसिक प्रयास छिपे हुए हैं। 1990 के दशक में जब हिंदी सिनेमा में एक्शन फिल्मों का दौर बढ़ रहा था, अक्षय ने अपनी 'खिलाड़ी' सीरीज की फिल्मों से एक नई पहचान बनाई। इन फिल्मों ने अक्षय को न केवल एक्शन हीरो के रूप में स्थापित किया, बल्कि उन्हें "खिलाड़ी कुमार" का विशेष नाम भी दिया।

1994 में रिलीज हुई फिल्म 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' अक्षय के करियर में एक मील का पत्थर साबित हुई। इस फिल्म में उन्होंने सैफ अली खान के साथ काम किया और दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा। फिल्म में कई एक्शन सीन थे, लेकिन एक ऐसा सीन भी था जो आज भी याद किया जाता है। इस सीन में अक्षय को एक ऊंचाई से कूदना था, जो उस समय के हिसाब से काफी खतरनाक स्टंट था। आज की तरह तब सेफ्टी मैट्स या हाइट सेफ्टी हार्नेस जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। इसके बावजूद अक्षय ने इस जोखिम को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के निभाया। उनका यह साहस और आत्मविश्वास लोगों के दिलों में उतर गया, और यहीं से उन्होंने "खिलाड़ी कुमार" का खिताब अर्जित कर लिया।


