सिरोही। शहर में सारणेश्वरजी रोड स्थित दूधिया तालाब में शनिवार सुबह युवक का शव तैरता मिला। जिसके मुंह से खून बह रहा था और तालाब के पुलिया पर भी खून के धब्बे मिले। मृतक की पहचान सिरोही की शाहजी की बाडी काॅलोनी निवासी रणजीत प्रजापत के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9 बजे कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि दूधिया तालाब में युवक का शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी कैलाश दान बारहठ जाब्ते के साथ दूधिया पहुंचे तथा गोताखोर की मदद से शव को बाहर निकलवाया और सिरोही अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
जिस जगह पुलिस को शव मिला उसके पास ही सर्विस लाइन से लगती पुलिया के ऊपर एक जगह बिखरे हुए खून के निशान मिले है, जिसे देखकर पुलिस हत्या का शक जताया है।
इस मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में ही कुछ कह सकेगी। थानाधिकारी कैलाश दान बारहठ ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए युवक के चेहरे की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की।